BREAKING NEWS:

लडभड़ोल महाविद्यालय मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

Image
राजकीय महाविद्यालय लडभड़ोल में आज छात्र-छात्राओं के लिए एक विशेष मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. मुनीष ठाकुर ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शारीरिक स्वास्थ्य की तरह ही मानसिक स्वास्थ्य भी मानव जीवन का एक अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा है। आज के प्रतिस्पर्धी दौर में युवाओं को अपने मानसिक स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है। इस कार्यक्रम का सफल संचालन और संयोजन प्रो. संजीव कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मानसिक समस्याओं को छुपाने के बजाय उन पर खुलकर बात करनी चाहिए। उन्होंने छात्रों को तनाव मुक्त रहने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के कई व्यावहारिक तरीके भी बताए। इस जागरूकता कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों, गैर-शिक्षक कर्मचारियों और भारी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में एक संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े अपने सवाल पूछे और विशेषज्ञों द्वारा उनका उचित मार्गदर्शन किया गया।

*जोगिंद्रनगर कॉलेज में उन्नत भारत अभियान के तहत भव्य मेला* *स्थानीय व्यंजन, सांस्कृतिक झलक और विद्यार्थियों की प्रतिभा बनी आकर्षण का केंद्र*


जोगिंदर नगर, 29 अगस्त :

राजीव गांधी स्मारक राजकीय महाविद्यालय, जोगिंदर नगर में उन्नत भारत अभियान के तहत वार्षिक मेले का आयोजन बड़े उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। मेले का शुभारंभ उपमंडलाधिकारी जोगिंदर नगर मनीश चौधरी द्वारा किया गया।

इस अवसर पर कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ-साथ विभिन्न स्वयं सहायता समूहों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। एसडीएम ने मेले में लगाए गए 30 से अधिक आकर्षक प्रदर्शनियों का अवलोकन किया और प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल स्थानीय संस्कृति और व्यंजनों को प्रोत्साहन देते हैं, बल्कि छात्रों और स्वयं सहायता समूहों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर भी प्रदान करते हैं।

उन्होंने प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया कि वे अपनी प्रदर्शनी और स्टॉल्स को अन्य स्थानों पर भी लगाकर अपनी पहचान और अवसरों का दायरा बढ़ाएं।

कॉलेज की प्राचार्य प्रो. निशा वैद्य ने भी एसडीएम के साथ स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि भविष्य में भी इस तरह के आयोजन होते रहने चाहिए।

मेले में स्थानीय व्यंजन व कला कृतियों व अन्य उत्पादों के प्रदर्शन ने आगंतुकों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने न केवल मनोरंजन किया बल्कि उत्साहपूर्वक खरीदारी भी की।



Comments