BREAKING NEWS:

जोगिन्दरनगर में प्राकृतिक आपदा की घटना में महिला की मृत्यु !

Image
दिनांक 24 जुलाई, 2026 को जोगिन्दरनगर क्षेत्र में एक दुःखद प्राकृतिक घटना में सामेश्वरी शर्मा (49 वर्ष), निवासी सुल्तानपुर, जिला कुल्लू की मृत्यु हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार वह अपने परिवार के साथ माता सिमसा देवी मंदिर जा रही थीं। बाहमणू नाला के समीप वाहन रोकने के बाद वह पानी लेने के लिए नीचे गईं, तभी पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने के कारण उनके सिर पर गंभीर चोट लगी। उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल जोगिन्दरनगर पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जोगिन्दरनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूर्ण कर पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रथम दृष्टया यह घटना प्राकृतिक आपदा के कारण होना पाई गई है तथा मामले में धारा 194 बीएनएसएस के अंतर्गत आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।

मिनी सचिवालय जोगिन्दर नगर का दूसरा चरण लोकार्पित, एक छत के नीचे होंगे सभी विभाग मुख्य मंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जोगिन्दर नगर प्रवास के दौरान किया उद्घाटन


 जोगिंदर नगर, 19 अक्तूबर: जोगिन्दर नगर उपमंडल मुख्यालय में मिनी सचिवालय के दूसरे चरण का निर्माण कार्य पूर्ण होने पर अब सभी विभाग एक की छत के नीचे आ जाएंगे। इससे जहां लोगों को विभिन्न विभागों के माध्यम से अपना कार्य करवाने में सहूलियत होगी तो वहीं इधर-उधर भी नहीं भटकना पड़ेगा। मुख्य मंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गत दो दिवसीय जोगिन्दर नगर प्रवास के दौरान मिनी सचिवालय के दूसरे चरण के निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। 23.90 करोड़ रूपये की लागत से निर्मित इस भवन के क्रियाशील हो जाने से अब सभी कार्यालय एक ही छत के नीचे आ जाएंगे।

वर्तमान में मिनी सचिवालय के पहले चरण में एसडीएम कार्यालय, नगर परिषद, खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी, सहायक लोक संपर्क अधिकारी, तहसील कल्याण अधिकारी, निर्वाचन विभाग, सहायक अभियन्ता जल शक्ति विभाग, अधिशाषी अभियन्ता राष्ट्रीय उच्च मार्ग सहित लगभग एक दर्जन विभागों के कार्यालय कार्य कर रहे हैं। अब मिनी सचिवालय के दूसरे चरण का कार्य पूर्ण होने पर तहसील कार्यालय, कोषागार, श्रम एवं रोजगार विभाग सहित अन्य कार्यालय भी मिनी सचिवालय परिसर में ही स्थानांतरित हो जाएंगे।
ऐसे में उपमंडल मुख्यालय जोगिन्दर नगर में विभिन्न विभागों के कार्यालय एक ही छत के नीचे आ जाने से जहां लोगों को विभिन्न तरह के कार्य करवाने में सुविधा मिलेगी तो वहीं समय की भी बचत होगी। साथ ही निजी एवं पुराने भवनों में चल रहे कार्यालयों को अब नये भवन में आधुनिक सुविधाओं के साथ काम करने का भी मौका मिलेगा।





-000-

Comments