BREAKING NEWS:

जोगिन्दरनगर में प्राकृतिक आपदा की घटना में महिला की मृत्यु !

Image
दिनांक 24 जुलाई, 2026 को जोगिन्दरनगर क्षेत्र में एक दुःखद प्राकृतिक घटना में सामेश्वरी शर्मा (49 वर्ष), निवासी सुल्तानपुर, जिला कुल्लू की मृत्यु हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार वह अपने परिवार के साथ माता सिमसा देवी मंदिर जा रही थीं। बाहमणू नाला के समीप वाहन रोकने के बाद वह पानी लेने के लिए नीचे गईं, तभी पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने के कारण उनके सिर पर गंभीर चोट लगी। उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल जोगिन्दरनगर पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जोगिन्दरनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूर्ण कर पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रथम दृष्टया यह घटना प्राकृतिक आपदा के कारण होना पाई गई है तथा मामले में धारा 194 बीएनएसएस के अंतर्गत आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।

स्वास्थ्य खंड पधर के माध्यम से जोगिन्दर नगर कॉलेज में मनाया वर्ल्ड रेबीज डे


 जोगिंदर नगर 28 सितंबर: स्वास्थ्य खंड पधर के सौजन्य से राजीव गांधी स्मारक राजकीय महाविद्यालय जोगिन्दर नगर में वर्ल्ड रेबीज डे का आयोजन किया गया। इस दौरान कॉलेज के लगभग 200 विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज की प्राचार्य प्रो. सुनीता सिंह ने की।

इस संबंध में जानकारी देते हुए खंड चिकित्सा अधिकारी पधर डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि वर्ल्ड रेबीज डे के अवसर पर राजीव गांधी स्मारक राजकीय महाविद्यालय जोगिन्दर नगर में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को रेबीज के फैलने के कारणों, लक्षणों एवं रेबीज के प्राथमिक तथा चिकित्सा उपचार की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि पधर के 35 अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में भी वर्ल्ड रेबीज डे मनाया गया तथा लोगों को रेबीज बारे जागरूक किया गया।
डॉ.संजय गुप्ता ने बताया कि 23 से 29 सितंबर तक चल रहे विश्व श्रवण जागरूकता सप्ताह के तहत कॉलेज विद्यार्थियों को कान की देखभाल एवं कानों की सुरक्षा बारे भी जानकारी प्रदान की गई। इसके अलावा पोषण माह अभियान के अंतर्गत 51 लड़कियों की एनीमिया जांच भी की गई जिसमें कोई भी एनीमिया से ग्रस्त नहीं पाया गया।
इस मौके पर कॉलेज के स्टाफ के अतिरिक्त विभाग की ओर से एलटी रोशन लाल, बीपीएम अतुल कुमार, बीएमआईएस अरूण कुमार तथा स्वास्थ्य पर्यवेक्षक कमल मोहन भी मौजूद रहे।


Comments