BREAKING NEWS:

जोगिन्दरनगर में प्राकृतिक आपदा की घटना में महिला की मृत्यु !

Image
दिनांक 24 जुलाई, 2026 को जोगिन्दरनगर क्षेत्र में एक दुःखद प्राकृतिक घटना में सामेश्वरी शर्मा (49 वर्ष), निवासी सुल्तानपुर, जिला कुल्लू की मृत्यु हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार वह अपने परिवार के साथ माता सिमसा देवी मंदिर जा रही थीं। बाहमणू नाला के समीप वाहन रोकने के बाद वह पानी लेने के लिए नीचे गईं, तभी पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने के कारण उनके सिर पर गंभीर चोट लगी। उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल जोगिन्दरनगर पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जोगिन्दरनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूर्ण कर पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रथम दृष्टया यह घटना प्राकृतिक आपदा के कारण होना पाई गई है तथा मामले में धारा 194 बीएनएसएस के अंतर्गत आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।

जोगिन्दर नगर में छूटे हुए घरों को जल्द सीवरेज से जोड़ा जाएगा-एसडीएम नगर पार्षदों एवं विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ हुई बैठक, लिये कई अहम निर्णय


 जोगिन्दर नगर, 15 दिसम्बर-नगर परिषद जोगिन्दर नगर के कार्यकारी अधिकारी एवं एसडीएम डॉ. (मेजर) विशाल शर्मा ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र जोगिन्दर नगर के विभिन्न वार्डों में सीवरेज व्यवस्था से छूटे हुए घरों को जल्द जोड़ा जाएगा। इसके लिये उन्होने संबंधित विभागीय अधिकारियों को वार्ड के आधार पर जल्द उचित कदम उठाने के निर्देश दिये। एसडीएम आज नगर परिषद जोगिन्दर नगर एवं विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक के दौरान बोल रहे थे।
उन्होने बताया कि उनके ध्यान में लाया गया है कि नगर परिषद जोगिन्दर नगर में अभी भी ऐसे लगभग 150 से 200 घर हैं जिन्हे सीवरेज कनेक्शन की सुविधा उपलब्ध नही हैं। ऐसे में जलशक्ति विभाग के अधिकारियों को छूटे हुए सभी घरों को जल्द सीवरेज कनेक्शन प्रदान करने की दृष्टि से वार्ड के आधार पर उचित कदम उठाने के निर्देश दिये हैं।
एसडीएम ने बताया कि बैठक में यह बात सामने आई है कि जोगिन्दर नगर शहर में ऐसी कई संपर्क सडक़ें हैं जो लोक निर्माण विभाग के अधीन नहीं हैं। ऐसे में इन सभी सडक़ों को लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत लाने के लिए मामले को सरकार से उठाया जाएगा ताकि इन सभी संपर्क मार्गों का समयबद्ध रखरखाव सुनिश्चित हो सके। इसके अलावा कुछ सडक़ें राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अंतर्गत आती है जिस बारे भी संबंधित प्राधिकरण से मामला रखा जाएगा।
उन्होने बताया कि बैठक में कूड़ा कचरा के बेहतर निष्पादन एवं कूड़ा कचरा फैलाने वालों पर निगरानी रखने के लिये वार्ड आधार पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाये जाएंगे। इस संबंध में संबंधित वार्ड सदस्यों को कूड़ा कचरा की दृष्टि से प्रमुख स्थानों की सूची उपलब्ध करवाने को भी कहा गया है ताकि जरूरत अनुसार पूरे शहर में सीसीटीवी कैमरे स्थापित किये जा सकें।
बैठक में नगर परिषद की अध्यक्ष ममता कुमारी, उपाध्यक्ष अजय धरवाल, सभी पार्षदगण, जलशक्ति विभाग के अधिशाषी अभियन्ता योगेश कपूर, राष्ट्रीय उच्च मार्ग के अधिशाषी अभियन्ता वीरेंद्र धीमान, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियन्ता इशान शर्मा सहित नगर परिषद के अन्य अधिकारी व कर्मचारी गण मौजूद रहे।


 

Comments