BREAKING NEWS:

लडभड़ोल महाविद्यालय मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

Image
राजकीय महाविद्यालय लडभड़ोल में आज छात्र-छात्राओं के लिए एक विशेष मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. मुनीष ठाकुर ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शारीरिक स्वास्थ्य की तरह ही मानसिक स्वास्थ्य भी मानव जीवन का एक अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा है। आज के प्रतिस्पर्धी दौर में युवाओं को अपने मानसिक स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है। इस कार्यक्रम का सफल संचालन और संयोजन प्रो. संजीव कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मानसिक समस्याओं को छुपाने के बजाय उन पर खुलकर बात करनी चाहिए। उन्होंने छात्रों को तनाव मुक्त रहने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के कई व्यावहारिक तरीके भी बताए। इस जागरूकता कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों, गैर-शिक्षक कर्मचारियों और भारी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में एक संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े अपने सवाल पूछे और विशेषज्ञों द्वारा उनका उचित मार्गदर्शन किया गया।

राजकीय महाविद्यालय लड भड़ोल में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत रैली का आयोजन


राजकीय महाविद्यालय लड भड़ोल में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतिम चरण के अंतर्गत विशाल रैली का आयोजन किया गया। इस रैली के अंतर्गत महाविद्यालय के सड़क सुरक्षा क्लब के सदस्यों सहित सभी विद्यार्थियों ने भाग लिया। रैली का शुभारंभ महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. मुनीष ठाकुर द्वारा झण्डा दिखाकर किया गया। रैली का संचालन महाविद्यालय परिसर से शुरू करके लड भड़ोल के न्यू मार्केट तक संपन्न किया गया। इस दौरान स्थानीय पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी श्री संजय कुमार व रमेश चन्द का सराहनीय योगदान रहा। इससे पूर्व रोड सेफ्टी क्लब की ओर से विभिन्न चरणों में आयोजित कार्यक्रमों में विजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सड़क सुरक्षा क्लब के संयोजक डॉ. अमित कौड़ा ने बताया कि सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक होकर ही इससे सम्बन्धित चुनौतियों से निपटा जा सकता है। सड़क पर पैदल चलते हुए तथा किसी वाहन को चलाते हुए दोनों ही परिस्थितियों में यातायात के आधारभूत नियमों का पालन करके हम अपना तथा दूसरों का बचाव सुनिश्चित कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय हमें मानवीय पहलू के अंतर्गत सड़क पर बजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान रखना चाहिए। इस अवसर पर कार्यकारी प्राचार्य डॉ. मनीष ठाकुर ने बताया कि विद्यार्थियों के माध्यम से ही वास्तव में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान की सफलता सुनिश्चित हो पायेगी। इस दृष्टि से शिक्षण संस्थानों को इसका हिस्सा बनाना अपने आप में एक सराहनीय कदम है। क्लब संयोजक डॉ. अमित कौड़ा ने सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान कमेटी के सभी सदस्यों की ओर से समस्त स्टाफ सदस्यों, प्रतिभागियों, स्थानीय प्रशासन विशेषकर पुलिस विभाग को धन्यवाद किया।



Comments

Post a Comment