BREAKING NEWS:

जोगिन्दरनगर में प्राकृतिक आपदा की घटना में महिला की मृत्यु !

Image
दिनांक 24 जुलाई, 2026 को जोगिन्दरनगर क्षेत्र में एक दुःखद प्राकृतिक घटना में सामेश्वरी शर्मा (49 वर्ष), निवासी सुल्तानपुर, जिला कुल्लू की मृत्यु हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार वह अपने परिवार के साथ माता सिमसा देवी मंदिर जा रही थीं। बाहमणू नाला के समीप वाहन रोकने के बाद वह पानी लेने के लिए नीचे गईं, तभी पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने के कारण उनके सिर पर गंभीर चोट लगी। उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल जोगिन्दरनगर पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जोगिन्दरनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूर्ण कर पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रथम दृष्टया यह घटना प्राकृतिक आपदा के कारण होना पाई गई है तथा मामले में धारा 194 बीएनएसएस के अंतर्गत आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।

लड भड़ोल महाविद्यालय में आर्थिक जागरूकता परीक्षा का आयोजन

 

राजकीय महाविद्यालय लड भड़ोल में अर्थशास्त्र विभाग द्वारा आई. क्यू. ए. सी. के अंतर्गत अर्थशास्त्र से संबंधित एक सामान्य जागरूकता परीक्षा का आयोजन किया गया। इसमें विभाग के बी.ए. प्रथम, द्वितीय तथा अंतिम वर्ष के सभी विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस परीक्षा में वस्तुनिष्ठ तथा विवरणात्मक प्रकृति के कुल 100 प्रश्न थे। विभाग के प्राध्यापक ने इस आयोजन को विद्यार्थियों की सामान्य जागरूकता, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, विषय में रुचि तथा प्रोत्साहन के लिए महत्वपूर्ण बताया। इस प्रतियोगिता में बी.ए. अंतिम वर्ष के अकांक्षा, इन्दु शर्मा व कविता देवी ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त किया। महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य श्री संजीव कुमार ने विजेताओं को पुरस्कार व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इसके साथ-साथ उन्होंने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियां शैक्षणिक वातावरण के स्तर को और अधिक विकसित करने में सहायक सिद्ध होंगी। इस अवसर पर महाविद्यालय की इंटरनल क्वालिटी अश्योरेंस सैल (आई. क्यू. ए. सी.) के संयोजक डॉ. अमित कौड़ा ने अर्थशास्त्र विभाग के इस प्रयास को सार्थक मानते हुए विद्यार्थियों की विषय के प्रति समझ व रुचि के लिए महत्वपूर्ण बताया। इस मौके पर कार्यकारी प्राचार्य श्री संजीव कुमार ने सभी आयोजकों तथा मौजूद सहयोगियों को बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित की।


 




Comments