आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने उठाई मांगें, बढ़े हुए मानदेय और ग्रेच्युटी का भुगतान जल्द करने की मांग
लडभड़ोल ( मिन्टु शर्मा) हिमाचल प्रदेश। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका यूनियन ने प्रदेश सरकार और संबंधित विभाग का ध्यान अपनी लंबित मांगों की ओर आकर्षित किया है। यूनियन ने मांग की है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के हित में की गई घोषणाओं को जल्द धरातल पर लागू किया जाए।
यूनियन की ओर से प्रमुख रूप से दो मांगें उठाई गई हैं।
पहली मांग: हिमाचल प्रदेश सरकार ने बजट सत्र के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के मानदेय में 1,000 रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी करने की घोषणा की थी। लेकिन यूनियन के अनुसार अभी तक बढ़े हुए मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। यूनियन ने मांग की है कि बढ़े हुए मानदेय का भुगतान जल्द से जल्द एरियर सहित किया जाए।
दूसरी मांग: सेवानिवृत्त हो चुकी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की ग्रेच्युटी की राशि का भुगतान भी शीघ्र किया जाए, ताकि सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें आर्थिक राहत मिल सके।
यूनियन ने सरकार एवं संबंधित विभाग से आग्रह किया है कि इन मांगों को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान किया जाए।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को उम्मीद है कि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक कदम उठाते हुए जल्द राहत प्रदान करेगी।

Comments
Post a Comment