BREAKING NEWS:

विद्युत उप-मंडल चढ़ियार के अंतर्गत 27 अगस्त को आवश्यक रखरखाव कार्य हेतु बिजली आपूर्ति रहेगी बाधित

चढ़ियार,25 अगस्त:-  विद्युत उप-मंडल चढ़ियार के  अनुभाग चढ़ियार के 11 के.वी. फीडर के अंतर्गत आने वाले विभिन्न क्षेत्रों में बिजली की तारों के समीप पेड़ों की टहनियों की काट-छांट, रखरखाव तथा मरम्मत का कार्य किया जाना निर्धारित हुआ है। इस आवश्यक रखरखाव कार्य के चलते डोली, रुपेड, मुंगल, छेक, मतियाल, चढ़ियार, सलेहरा, चोरडू, कथेहरू, डगोर इत्यादि  क्षेत्रों में  27 अगस्त 2026 को प्रातः 9:00 बजे से कार्य समाप्ति तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। सहायक अभियन्ता विद्युत उप-मंडल चढ़ियार ओम प्रकाश राणा ने  बताया कि यदि 27 अगस्त 2026 को खराब मौसम या अन्य अपरिहार्य कारणों से कार्य पूर्ण नहीं हो पाता है, तो अगले दिन को कार्य दिवस मानकर मरम्मत का काम जारी रखा जाएगा। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के सभी सम्मानित उपभोक्ताओं से इस दौरान सहयोग बनाए रखने की अपील की है ताकि रखरखाव का कार्य सुचारू एवं सुरक्षित रूप से संपन्न किया जा सके।

लडभड़ोल कॉलेज में खाली पद भरने और सड़कों की मरम्मत का आश्वासन, राखी शर्मा ने किया दौरा


लडभड़ोल मिन्टु शर्मा) लांगणा वार्ड-36 की जिला परिषद सदस्य राखी शर्मा ने मंगलवार को राजकीय महाविद्यालय लडभड़ोल का दौरा कर कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मनीष कुमार और शिक्षकों के साथ बैठक कर लंबे समय से रिक्त पड़े प्राध्यापकों के पदों पर चर्चा की। कॉलेज प्रशासन ने उन्हें बताया कि पिछले चार वर्षों से अंग्रेजी और इतिहास विषय के प्राध्यापकों के पद खाली हैं, जबकि राजनीति शास्त्र का पद भी पिछले एक वर्ष से रिक्त चल रहा है। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। राखी शर्मा ने कहा कि कॉलेज में शिक्षकों की कमी का मुद्दा सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा, ताकि रिक्त पदों को जल्द भरकर विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इसके बाद जिला परिषद सदस्य ने लोक निर्माण विभाग (PWD) उपमंडल लडभड़ोल कार्यालय का भी दौरा किया और सहायक अभियंता विजय गुलेरिया से क्षेत्र की जर्जर सड़कों की स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने खराब सड़कों की जल्द मरम्मत कराने की मांग उठाई। सहायक अभियंता विजय गुलेरिया ने बताया कि विभाग क्षेत्र का निरीक्षण कर रहा है और आगामी 10 से 15 दिनों के भीतर सड़क मरम्मत कार्य शुरू कर दिया जाएगा। राखी शर्मा ने स्थानीय अस्पताल का भी उल्लेख करते हुए कहा कि उनके पूर्व निरीक्षण और मांग के बाद अस्पताल में दो नए डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है, जिनमें से एक चिकित्सक ने कार्यभार भी संभाल लिया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए उनके प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।

Comments