BREAKING NEWS:

जोगिन्दरनगर में प्राकृतिक आपदा की घटना में महिला की मृत्यु !

Image
दिनांक 24 जुलाई, 2026 को जोगिन्दरनगर क्षेत्र में एक दुःखद प्राकृतिक घटना में सामेश्वरी शर्मा (49 वर्ष), निवासी सुल्तानपुर, जिला कुल्लू की मृत्यु हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार वह अपने परिवार के साथ माता सिमसा देवी मंदिर जा रही थीं। बाहमणू नाला के समीप वाहन रोकने के बाद वह पानी लेने के लिए नीचे गईं, तभी पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने के कारण उनके सिर पर गंभीर चोट लगी। उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल जोगिन्दरनगर पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जोगिन्दरनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूर्ण कर पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रथम दृष्टया यह घटना प्राकृतिक आपदा के कारण होना पाई गई है तथा मामले में धारा 194 बीएनएसएस के अंतर्गत आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।

पांच दिवसीय राज्य स्तरीय लघु शिवरात्रि मेला जोगिन्दर नगर शुरू विधायक प्रकाश राणा ने की देवी-देवताओं की भव्य जलेब की अगवानी, झंडा फहराकर मेले का किया शुभारंभ


 जोगिन्दर नगर, 01 अप्रैल-एक से पांच अप्रैल तक मनाये जाने वाले राज्य स्तरीय लघु शिवरात्रि मेला जोगिन्दर नगर का आज विधिवत शुभारंभ हो गया। पुराने मेला मैदान में चौहारघाटी के आराध्य देव श्री हुरंग नारायण व बजीर देव पाशाकोट सहित उपस्थित समस्त देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना के बाद अराध्य देव श्री हुरंग नारायण व देव पाशाकोट की अगवानी में देवी-देवताओं की भव्य जलेब निकली। जोगिन्दर नगर के विधायक प्रकाश राणा ने जायका निदेशक मंडल के सदस्य पंकज जंबाल की उपस्थिति में इस जलेब की अगवानी की। इसके बाद विधायक प्रकाश राणा ने मेला मैदान जोगिन्दर नगर में मेले का झंडा फहराकर विधिवत शुभारंभ किया।
इस मौके पर विधायक प्रकाश राणा ने समस्त प्रदेश वासियों को लघु शिवरात्रि मेला जोगिन्दर नगर की बधाई देते हुए कहा कि मेले व त्यौहार भारतीय संस्कृति का एक अहम हिस्सा हैं। इन मेलों के आयोजन से न केवल आपसी भाईचारे की भावना को बल मिलता है बल्कि हमारी इस प्राचीन संस्कृति का संरक्षण व संवर्धन भी होता है। उन्होने कहा कि हिमाचल प्रदेश की समृद्ध देव संस्कृति की पहचान न केवल देश में बल्कि विदेशों में भी है। लघु शिवरात्रि मेला जोगिन्दर नगर में हम सभी क्षेत्रवासियों का यह सौभाग्य रहता है कि प्रतिवर्ष हमारे सैंकड़ों देवी-देवता अपना आशीर्वाद देने पहुंचते हैं। उन्होने कहा कि देवी-देवताओं के आशीर्वाद से हमारा जोगिन्दर नगर क्षेत्र न केवल समृद्ध व खुशहाल होगा बल्कि लोगों व देवी-देवताओं का आपसी मिलन होने से हमारी देव संस्कृति और अधिक मजबूत व समृद्ध भी होगी।
जोगिन्दर नगर में हुए विकास कार्यों की चर्चा करते हुए विधायक प्रकाश राणा ने कहा कि जय राम ठाकुर सरकार के नेतृत्व में जोगिन्दर नगर विधानसभा क्षेत्र ने भी विकास के नये आयाम स्थापित किये हैं। एक तरफ जहां जोगिन्दर नगर को बस डिपो की सौगात मिली है तो दूसरी तरह चौंतड़ा में जलशक्ति विभाग का मंडलीय कार्यालय खुला है। साथ ही मकरीड़ी में उप-तहसील, लडभड़ोल में आईटीआई व सिविल अस्पताल, पीपली में नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, चौंतड़ा पीएचसी का दर्जा बढ़ाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा गोलवां में उप स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा बढ़ाकर नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र किया है। इसके अलावा लडभड़ोल के लिये पुलिस थाना, मकरीड़ी में लोक निर्माण विभाग का उप मंडलीय कार्यालय खोलने की भी घोषणा हो चुकी है। उन्होने कहा कि क्षेत्र में पेयजल समस्या के स्थाई समाधान की दिशा में निरन्तर कार्य हो रहा है तो वहीं सडक़, शिक्षा व स्वास्थ्य जैसे बनुयादी ढ़ांचे को लगातार सुदृढ़ करने के प्रयास जारी हैं।


विधायक प्रकाश राणा ने मेला आयोजन के लिये अपनी ओर से एक लाख रूपये देने की घोषणा भी की।
इस मौके पर जायका निदेशक मंडल के सदस्य पंकज जंबाल ने भी समस्त क्षेत्र वासियों को राज्य स्तरीय लघु शिवरात्रि मेले की हार्दिक शुभकामनाएं दी।
मेला समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम जोगिन्दर नगर डॉ. (मेजर) विशाल शर्मा ने सभी देवी-देवताओं के साथ मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए मेले के आयोजन बारे विस्तृत जानकारी रखी।
इस मौके पर रीमा राणा, विभिन्न पंचायतीराज व शहरी निकाय संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा कई गण्यमान्य लोग मौजूद रहे।





Comments