BREAKING NEWS:

जोगिन्दरनगर में प्राकृतिक आपदा की घटना में महिला की मृत्यु !

Image
दिनांक 24 जुलाई, 2026 को जोगिन्दरनगर क्षेत्र में एक दुःखद प्राकृतिक घटना में सामेश्वरी शर्मा (49 वर्ष), निवासी सुल्तानपुर, जिला कुल्लू की मृत्यु हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार वह अपने परिवार के साथ माता सिमसा देवी मंदिर जा रही थीं। बाहमणू नाला के समीप वाहन रोकने के बाद वह पानी लेने के लिए नीचे गईं, तभी पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने के कारण उनके सिर पर गंभीर चोट लगी। उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल जोगिन्दरनगर पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जोगिन्दरनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूर्ण कर पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रथम दृष्टया यह घटना प्राकृतिक आपदा के कारण होना पाई गई है तथा मामले में धारा 194 बीएनएसएस के अंतर्गत आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।

राजकीय महाविद्यालय लड भड़ोल के वाणिज्य विभाग द्वारा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन

 

राजकीय महाविद्यालय लड भड़ोल के वाणिज्य विभाग द्वारा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन
राजकीय महाविद्यालय लड भड़ोल में वाणिज्य विभाग द्वारा एक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता के संयोजक प्रो. पंकज कुमार ने कहा कि इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों के वाणिज्य विभाग संबंधी ज्ञान व जागरूकता को बढ़ाना व उसका परीक्षण करना रहा। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में कुल 12 विद्यार्थियों ने चार टीमों के अंतर्गत भाग लिया। प्रतियोगिता में रिया चौहान, शिवानी व साक्षी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं शिवानी, रुचि बरवाल  व शालिनी  दूसरे स्थान पर तथा प्रियंका, निकिता व पार्वती तीसरे स्थान पर रहे। इस अवसर पर महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. मुनीष ठाकुर ने कहा कि महाविद्यालय स्तर पर इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के ज्ञान व कौशल को बढ़ाने में सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के सभी विजेताओं, आयोजकों तथा समस्त स्टाफ सदस्यों को बधाई व शुभकामनाएं दी। 




Comments