BREAKING NEWS:

जोगिन्दरनगर में प्राकृतिक आपदा की घटना में महिला की मृत्यु !

Image
दिनांक 24 जुलाई, 2026 को जोगिन्दरनगर क्षेत्र में एक दुःखद प्राकृतिक घटना में सामेश्वरी शर्मा (49 वर्ष), निवासी सुल्तानपुर, जिला कुल्लू की मृत्यु हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार वह अपने परिवार के साथ माता सिमसा देवी मंदिर जा रही थीं। बाहमणू नाला के समीप वाहन रोकने के बाद वह पानी लेने के लिए नीचे गईं, तभी पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने के कारण उनके सिर पर गंभीर चोट लगी। उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल जोगिन्दरनगर पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जोगिन्दरनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूर्ण कर पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रथम दृष्टया यह घटना प्राकृतिक आपदा के कारण होना पाई गई है तथा मामले में धारा 194 बीएनएसएस के अंतर्गत आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।

*कोरम के अभाव में नहीं हो सका नगर परिषद जोगिन्दर नगर के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष

 

जोगिन्दर नगर, 11 जून। नगर परिषद जोगिन्दर नगर में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के लिए गुरुवार को निर्धारित चुनाव कोरम के अभाव में सम्पन्न नहीं हो सका। नियमानुसार आवश्यक संख्या में पार्षदों की उपस्थिति न होने के कारण चुनाव प्रक्रिया स्थगित करनी पड़ी।

इस संबंध में जानकारी देते हुए एसडीएम एवं निर्वाचन अधिकारी जोगिन्दर नगर मनीश  चौधरी ने बताया कि नगर परिषद में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के रिक्त पदों को भरने के लिए आज विशेष बैठक बुलाई गई थी। नियमों के अनुसार बैठक की कार्यवाही संचालित करने के लिए सात निर्वाचित पार्षदों में से कम से कम पांच पार्षदों की उपस्थिति आवश्यक थी, लेकिन बैठक में कोई भी पार्षद उपस्थित नहीं हुआ।

उन्होंने बताया कि पर्याप्त कोरम न होने के कारण अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया पूरी नहीं की जा सकी। उन्होंने कहा कि नियमानुसार अब नगर परिषद की पुनः बैठक 12 जून, को सायं 3 बजे आयोजित की जाएगी, जिसमें अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के लिए चुनाव करवाया जाएगा।

एसडीएम ने सभी संबंधित पार्षदों से निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सफल बनाने का आग्रह किया है। :::

Comments