BREAKING NEWS:

विद्युत उप-मंडल चढ़ियार के अंतर्गत 27 अगस्त को आवश्यक रखरखाव कार्य हेतु बिजली आपूर्ति रहेगी बाधित

चढ़ियार,25 अगस्त:-  विद्युत उप-मंडल चढ़ियार के  अनुभाग चढ़ियार के 11 के.वी. फीडर के अंतर्गत आने वाले विभिन्न क्षेत्रों में बिजली की तारों के समीप पेड़ों की टहनियों की काट-छांट, रखरखाव तथा मरम्मत का कार्य किया जाना निर्धारित हुआ है। इस आवश्यक रखरखाव कार्य के चलते डोली, रुपेड, मुंगल, छेक, मतियाल, चढ़ियार, सलेहरा, चोरडू, कथेहरू, डगोर इत्यादि  क्षेत्रों में  27 अगस्त 2026 को प्रातः 9:00 बजे से कार्य समाप्ति तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। सहायक अभियन्ता विद्युत उप-मंडल चढ़ियार ओम प्रकाश राणा ने  बताया कि यदि 27 अगस्त 2026 को खराब मौसम या अन्य अपरिहार्य कारणों से कार्य पूर्ण नहीं हो पाता है, तो अगले दिन को कार्य दिवस मानकर मरम्मत का काम जारी रखा जाएगा। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के सभी सम्मानित उपभोक्ताओं से इस दौरान सहयोग बनाए रखने की अपील की है ताकि रखरखाव का कार्य सुचारू एवं सुरक्षित रूप से संपन्न किया जा सके।

कंगना रनौत का लडभड़ोल दौरा: पहाड़ी बोली में जाहिर की भावनाएं, कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना


लडभड़ोल ( मिन्टु शर्मा) मंडी संसदीय क्षेत्र से लोकसभा चुनाव जीतने वाली सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने सोमवार को पहली बार लडभड़ोल तहसील क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान जोगिंद्रनगर के विधायक प्रकाश राणा, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों और भाजपा मंडल लडभड़ोल के सदस्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। विधायक प्रकाश राणा ने कंगना को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम स्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ कंगना की एक झलक पाने के लिए उमड़ पड़ी।


अपने संबोधन में कंगना ने पहाड़ी बोली में अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि जब वह बॉलीवुड में सक्रिय थीं, तब भी हिमाचल आने के लिए उनका मन तरसता था। चुनाव जीतने के बाद लोगों से मिलने और क्षेत्र का दौरा करने की अपनी उत्सुकता जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि यह उनके लिए बेहद खास अनुभव है। इस मौके पर कंगना ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में हिमाचल प्रदेश के हालात बद से बदतर हो गए हैं और अपनी देवभूमि की यह दुर्दशा देखकर उन्हें गहरा दुख होता है।


कंगना ने कांग्रेस सरकार पर मंडी की महिलाओं का नाम खराब करने का आरोप लगाया। चुनावी नतीजों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मंडी, खासकर जोगिंद्रनगर से मिली बढ़त के बाद ऐसा सबक मिला है कि वह दोबारा यहां से चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं करेगी। जनता का आभार व्यक्त करते हुए कंगना ने कहा कि उन्हें गर्व है कि हिमाचल की जनता ने एक सामान्य बेटी को संसद तक पहुंचाया। उन्होंने बताया कि जब वह लोकसभा में किसी मुद्दे पर बटन दबाकर अपना समर्थन दर्ज करती हैं, तो उन्हें हिमाचल की जनता और इस देवभूमि की बहुत याद आती है, जिन्होंने उन्हें यह सम्मान दिया।


यह दौरा कंगना रनौत के लिए अपनी जड़ों से जुड़ने और जनता के बीच अपनी मौजूदगी दर्ज कराने का एक महत्वपूर्ण अवसर रहा।















Comments