
लडभड़ोल (मिन्टु शर्मा) गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, किशोरियों एवं 6 वर्ष तक आयु वर्ग के बच्चों की पोषण पूर्ति और लोगों के जीवन में पोषण के महत्व को लेकर आगामी 30 सितम्बर तक देश भर में राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में चौंतड़ा विकास खण्ड के तहत आंगनबाड़ी सर्कल बनांदर में भी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान पर्यवेक्षक लडभड़ोल सर्कल चुडा मणि द्वारा मुख्याअतिथि का जोरदार स्वागत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत ममाण-बनांदर के प्रधान महेंद्र सिंह ने की।बाल विकास परियोजना अधिकारी चौंतड़ा बीआर वर्मा ने बताया कि पोषण माह अभियान के तहत आज आंगनबाड़ी सर्कल बनांदर में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिसमें जहां सुपोषण के महत्व की जानकारी प्रदान की गई तो वहीं 6 वर्ष से कम आयु वर्ग के बच्चों की लंबाई तथा भार का मापन भी किया गया। इसके अलावा महिलाओं की गोद भराई तथा अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित करने के साथ-साथ साफ-सफाई के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। उन्होंने बताया कि भोजन में पोषण के स्तर को बढ़ाने के लिये धात्री माताओं एवं महिलाओं के साथ-साथ शिशुओं को पूरक पोषाहार की जानकारी प्रदान की। साथ ही बच्चों को जंक फूड से दूर रखने तथा स्थानीय एवं घरेलु सब्जियों का ज्यादा इस्तेमाल करने जिसमें चौलाई, पतरोडू इत्यादि शामिल हैं बारे जागरूक किया गया। इसके अलावा 11 से 18 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को भी पोषणयुक्त आहार की जानकारी प्रदान की गई तथा निजी स्वच्छता बारे भी अवगत करवाया गया।सीडीपीओ ने बताया कि पोषण माह अभियान के तहत जहां आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा एनीमिया के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है तो वहीं पूरक पोषण आहार की जानकारी भी उपलब्ध करवाई जा रही है।
Comments
Post a Comment