BREAKING NEWS:

जोगिन्दरनगर में प्राकृतिक आपदा की घटना में महिला की मृत्यु !

Image
दिनांक 24 जुलाई, 2026 को जोगिन्दरनगर क्षेत्र में एक दुःखद प्राकृतिक घटना में सामेश्वरी शर्मा (49 वर्ष), निवासी सुल्तानपुर, जिला कुल्लू की मृत्यु हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार वह अपने परिवार के साथ माता सिमसा देवी मंदिर जा रही थीं। बाहमणू नाला के समीप वाहन रोकने के बाद वह पानी लेने के लिए नीचे गईं, तभी पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने के कारण उनके सिर पर गंभीर चोट लगी। उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल जोगिन्दरनगर पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जोगिन्दरनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूर्ण कर पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रथम दृष्टया यह घटना प्राकृतिक आपदा के कारण होना पाई गई है तथा मामले में धारा 194 बीएनएसएस के अंतर्गत आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।

राजकीय महाविद्यालय लड भड़ोल में जगाया राजभाषा ‘हिंदी’ का अलख


 राजकीय महाविद्यालय लड भड़ोल में जगाया राजभाषा ‘हिंदी’ का अलख
राजकीय महाविद्यालय लड भड़ोल में ‘राष्ट्रीय हिंदी दिवस’ का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस उपलक्ष्य पर काव्य पाठ तथा भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसकी शुरुआत कार्यक्रम के संयोजक प्रो. संजीव कुमार के संबोधन के साथ हुई। उन्होंने बताया कि वास्तव में भाषा जीवन का आधार है। इस परिप्रेक्ष्य में हिंदी महज एक विषय नहीं है, बल्कि एक जीवन जीने की कला है। हिन्दी के प्रयोग से हम अपनी संस्कृति को समझ कर अपने संस्कारों को और अधिक विकसित कर सकते हैं। इस आयोजन में काव्य पाठ प्रतियोगिता के अंतर्गत 12 प्रतिभागियों ने दिल को छू लेने वाली प्रस्तुतियां दी। इसके तहत सूजल भारती, बनिता व महक क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रही। इस आयोजन के दूसरे भाग में भाषण प्रतियोगिता के अंतर्गत 10 विद्यार्थियों ने अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। भाषण प्रतियोगिता में ईशा व स्वाति संयुक्त रूप से प्रथम स्थान पर जबकि किरण ठाकुर व सामली ने क्रमश: द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी प्रतिभागियों ने हिंदी दिवस के अवसर पर आत्मविश्वास के साथ प्रेरक विचारों से भरपूर प्रस्तुतियां दी। विद्यार्थियों ने बताया कि 14 सितंबर 1949 को हिंदी भाषा को भारत की राजभाषा के रूप में स्वीकार किया गया तथा 14 सितंबर को हिंदी दिवस और 10 जनवरी को विश्व हिंदी दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक ने सभी विद्यार्थियों व स्टाफ सदस्यों का सहयोग व सफल आयोजन के लिए धन्यवाद प्रेषित किया।






Comments